“बदायूं में अब खनन माफियाओं की खैर नहीं… क्योंकि मैदान में उतर चुके हैं — खान अधिकारी गुलशन कुमार!”
बदायूं: अवैध खनन पर बड़ा प्रहार, जेसीबी समेत 6 वाहन सीज

बदायूं जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खान अधिकारी गुलशन कुमार ने रविवार देर रात छापेमारी कर एक जेसीबी सहित कुल छह वाहनों को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से जिले भर के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव सकरी के जंगल में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर खान अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां एक ट्रैक्टर रैपर मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खनन करते हुए पकड़ी गईं, जिन्हें तत्काल सीज कर दिया गया।
इसके बाद टीम ने थाना बिनावर क्षेत्र के गांव उसैता में छापा मारा, जहां एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध खनन में लगी मिलीं। सभी वाहनों को पकड़कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
खान अधिकारी गुलशन कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई ग्रामीणों की सूचना पर की गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना अनुमति के अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस सख्त कदम से यह साफ संकेत गया है कि जिले में अब अवैध खनन करने वालों पर लगातार शिकंजा कसता रहेगा और कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



