दवतोरी मोड़ पर जाम ने बढ़ाई मुसीबत, डीएम-एसएसपी भी फंसे
रोजाना लगने वाले जाम से राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान, पुलिस को जाम खुलवाने में करनी पड़ी मशक्कत
बिसौली । नगर के दवतोरी मोड़ पर जाम की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। आए दिन यहां घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और खासकर स्कूल से निकलने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मंगलवार को दवतोरी मोड़ पर जाम की स्थिति इतनी खराब हो गई कि बदायूं के जिलाधिकारी और एसएसपी भी जाम में फंस गए। जिले के दोनों आला अधिकारियों के काफिले के जाम में फंसने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
पुलिसकर्मी काफी देर तक यातायात को व्यवस्थित करने और वाहनों को निकालने की मशक्कत करते रहे। किसी तरह रास्ता साफ कर अधिकारियों के वाहनों को आगे निकाला गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दवतोरी मोड़ पर प्रतिदिन जाम लगना आम बात हो गई है। सड़क पर वाहनों का दबाव, बेतरतीब खड़े वाहन और यातायात व्यवस्था की कमी के चलते स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी उस समय होती है जब स्कूलों की छुट्टी होती है। जाम के बीच बच्चों को सड़क पार करने और घर पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि जब जिले के जिलाधिकारी और एसएसपी तक जाम में फंसने को मजबूर हो गए, तो आम जनता की परेशानी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

जनता का सवाल—कब मिलेगी जाम से राहत?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से दफ्तरी मोड़ पर स्थायी यातायात व्यवस्था लागू करने, बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने और स्कूलों की छुट्टी के समय विशेष यातायात व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और विकराल हो सकती है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि आला अधिकारियों के खुद जाम में फंसने के बाद प्रशासन दवतोरी मोड़ की इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कब तक कर पाता है।



