टावर पर चढ़ा ‘ड्रामा’ खत्म पूर्व सभासद विजय कोहली 151 में जेल

बिसौली में एक बार फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पूर्व सभासद विजय कोहली अपनी मांगों को मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गए। यह कोई पहली घटना नहीं थी—विजय कोहली पहले भी इसी तरह टावर पर चढ़कर प्रशासन को चुनौती दे चुके हैं।
उप जिलाधिकारी राशि कृष्णा के निर्देश पर पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया और आखिरकार उन्हें धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
सुबह जैसे ही विजय कोहली टावर पर चढ़े, इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे।
क्षेत्राधिकारी संजीव सिंह,थाना प्रभारी राजेंद्र पुंडीर, तहसीलदार विजय शुक्ला तीनों अधिकारियों ने घंटों तक समझाने की कोशिश की, लेकिन विजय कोहली अपनी जिद पर अड़े रहे।
पूरा दिन प्रशासनिक अमला परेशान रहा। टावर पर चढ़े व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारना आसान नहीं था—हर पल खतरा बना हुआ था।
लगातार समझाइश और मशक्कत के बाद आखिरकार शाम के समय विजय कोहली को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
नीचे उतरते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विजय कोहली को हिरासत में लिया और धारा 151 के तहत चालान कर उप जिलाधिकारी के समक्ष पेश किया।
इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम से साफ हो गया कि अब प्रशासन इस तरह के दबाव और धमकी की राजनीति को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
बार-बार टावर पर चढ़कर हंगामा करना अब भारी पड़ गया है।
दूसरी बार टावर पर चढ़ने का ‘हथकंडा’ इस बार उल्टा पड़ गया और विजय कोहली को सीधे जेल की हवा खानी पड़ी। प्रशासन ने साफ कर दिया—कानून से ऊपर कोई नहीं।




