Uncategorized

संदिग्ध आग से व्यापारी के घर लाखों का नुकसान, पुरानी रंजिश की आशंका — पुलिस ने अब तक नहीं दर्ज की रिपोर्ट

बिसौली। नगर के बजरंग चौक निवासी पूर्व सभासद व प्रतिष्ठित व्यवसायी मोहित उर्फ मोनू महाजन के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना को लेकर थाने में तहरीर दी गई है, लेकिन अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है, जिससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मोहित महाजन बदायूं में अपने रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी मेघा महाजन बच्चों के साथ मौजूद थीं, जो दरवाजा बंद कर पड़ोस में चल रहे सुंदरकांड कार्यक्रम में शामिल होने चली गई थीं। इसी बीच अचानक घर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें देख पड़ोसियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग, समाजसेवी और पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
आग की इस घटना में मकान की फॉल्स सीलिंग, डेकोरेशन का सामान सहित लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मोनू महाजन देर रात घर पहुंचे, जहां उन्हें सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
पीड़ित परिवार ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस द्वारा अब तक रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!