
बदायूं। बिसौली पुलिस ने बिसौली क्षेत्र के चर्चित युवती हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को पुलिस की सघन विवेचना और वैज्ञानिक जांच का परिणाम बताया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने जय सिंह यादव (ग्राम सर्वा), रामभान यादव (ग्राम पाठकपुर) तथा चन्देले यादव उर्फ झब्बड़ (ग्राम सर्वा, हाल निवासी रौला, थाना फैजगंज बेहटा) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रसूलपुर पुट्ठी निवासी राजवीर सिंह यादव ने 9 जुलाई 2026 को अपनी बेटी के 1/2 जून की रात से लापता होने की सूचना बिसौली थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या के मुकदमे में परिवर्तित कर गहन विवेचना शुरू की।
विवेचना में सामने आया कि मृतका के पति जय सिंह यादव ने अपने भाई चंद्रपाल यादव और भांजे विजय यादव उर्फ छोटू के साथ मिलकर 1/2 जून 2026 की रात घर के कमरे में गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के आंगन में बने गटर में छिपा दिया गया। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि घटना के बाद मृतका के जेठ चंद्रपाल यादव ने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस जांच में रामभान यादव, सर्वेश यादव, विजय यादव उर्फ छोटू, चंद्रपाल यादव तथा चन्देले यादव उर्फ झब्बड़ के नाम भी प्रकाश में आए। साक्ष्य छिपाने के संबंध में भी मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने टूटी व जली हुई चूड़ियों के अवशेष, प्लास्टिक की रस्सियां, पायल, बिछुए, टेक्नो कंपनी का मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त गमछा, फावड़ा, तसला, बाल्टी, जली-अधजली लकड़ियां तथा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा शेष नामजद आरोपियों के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी है।




