बिसौली दबतोरी मोड़ पर ई-रिक्शा का कब्जा, व्यापारी परेशान — शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

बिसौली-दबतोरी मोड़ क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों का अतिक्रमण लगातार स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा और वहीं पर हो रहा अस्थायी व्यापार यातायात को बाधित कर रहा है, जिससे रोज़ाना जाम की स्थिति बनती है।
स्थानीय निवासी और अधिवक्ता निर्मला कठेरिया ने इस मुद्दे को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
दबतोरी मोड़ के व्यापारियों का स्पष्ट कहना है कि ई-रिक्शा चालकों के लिए निर्धारित स्टैंड बनाया जाए और उन्हें वहीं शिफ्ट किया जाए, ताकि सड़क पर अतिक्रमण खत्म हो सके। व्यापारियों ने सुझाव दिया है कि ई-रिक्शा स्टैंड को “बाई जी मंदिर” के पास स्थानांतरित किया जाए।
हालांकि मौके पर पुलिस गार्ड की तैनाती है, फिर भी ई-रिक्शा चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे। बताया जाता है कि जैसे ही थाना प्रभारी की गाड़ी का सायरन सुनाई देता है, चालक वहां से हट जाते हैं, लेकिन गाड़ी के निकलते ही फिर से सड़क पर कब्जा कर लेते हैं। कई बार तो गार्ड की कुर्सियां तक हटा दी जाती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से थाना प्रभारी राजेंद्र पुंडीर ने कार्यभार संभाला है, शहर के अन्य हिस्सों में जाम की स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन दबतोरी रोड की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है और स्थानीय लोगों को राहत मिलती है।




